सेवा: कठिनाइयों से भरा सफर
जिंदगी जीने के अपने-अपने सलीके, अपना-अपना अंदाज है। उसी से तय होती है आपकी जिंदगी की व्यापकता। इसमें कोई संदेह नहीं कि जिंदगी को बनाने में कर्मों का बड़ा योगदान होता है। वैसे यह तो लोगों पर निर्भर करता है कि वे अपनी जिंदगी को कैसा आयाम देना चाहते हैं। खुद के लिए जीना हो तो कैसे भी जी लें जिंदगी लेकिन दूसरों के सेवार्थ जीने को ही अगर आपने अपनी जिंदगी जीना बना लिया तो यह कतई आसान नहीं। अनन्य बाधाएं, लम्बा संघर्ष पथ, विचलित कर देने वाली परिस्थितियां, नित नई उपजती चुनौतियां आपको हर वक्त डिगाने को आमदा रहती हैं। आपके जज्बे, जुनून, जिद, जिजीविषा, जूझारूपन, साहस और परिश्रम का हर पल इम्तेहान होता रहता है। ऐसे में मौजूदा वक्त की समस्याओं से पार पाने को प्रयासरत रहते हुए भविष्य में आने वाली हर बड़ी से बड़ी चुनौतियों का भी ध्यान रखना होता है, उनसे जूझने और उनके समाधान को तैयार भी रहना पड़ता है। इसमें कभी-कभी तो ऐसी परिस्थिति बन जाती है कि एक ओर ना डिगने की ज़िद तो दूसरी ओर आपको तोड़ने वाली ...