वक्त तो वक्त है
इस जीवन में हमेशा वक्त की बात की जाती है। वक्त दर वक्त लोगों के बीच वक्त की चर्चा होती रहती है। बड़ी आसानीपूर्वक सुना जा सकता है कि वक्त ने साथ नहीं दिया वरना मेरा वक्त बदल जाता, अभी मेरा वक्त नहीं है, जब मेरा वक्त आएगा तो दिखा देंगे, कभी ना कभी तो मेरा वक्त आएगा जैसी तमाम बातें वक्त को लेकर की जाती हैं लेकिन वक्त ना तो आता है और ना हीं जाता है। वक्त किसी का नहीं होता है वह तो खुद में रमा रहता है। वक्त का कोई आकार, रंग, या स्वरूप नहीं होता जो वह बदल जाए। वक्त को तो आरंभ से अंत तक एक सा ही रहना है। वक्त में कभी तीव्रता और धीमापन नहीं होता बल्कि वक्त सदा एक गति से गतिमान होता है। वक्त का किसी से कोई संबंध नहीं अपितु अन्य का संबंध वक्त से होता है। वक्त कभी किसी के अनुरूप ढलता नहीं और ना हीं किसी के विपरीत होता है। वक्त-वक्त में कोई समानता और भिन्नता नहीं अपितु वक्त में तो एकरूपता है। वक्त का किसी से कोई रिश्ता नहीं और ना हीं किसी से बैर होता है। वक्त बिल्कुल निष्पक्ष होता है। ...