वक्त तो वक्त है

          इस जीवन में हमेशा वक्त की बात की जाती है। वक्त दर वक्त लोगों के बीच वक्त की चर्चा होती रहती है। बड़ी आसानीपूर्वक सुना जा सकता है कि वक्त ने साथ नहीं दिया वरना मेरा वक्त बदल जाता, अभी मेरा वक्त नहीं है, जब मेरा वक्त आएगा तो दिखा देंगे, कभी ना कभी तो मेरा वक्त आएगा जैसी तमाम बातें वक्त को लेकर की जाती हैं लेकिन वक्त ना तो आता है और ना हीं जाता है। वक्त किसी का नहीं होता है वह तो खुद में रमा रहता है। वक्त का कोई आकार, रंग, या स्वरूप नहीं होता जो वह बदल जाए। वक्त को तो आरंभ से अंत तक एक सा ही रहना है। वक्त में कभी तीव्रता और धीमापन नहीं होता बल्कि वक्त सदा एक गति से गतिमान होता है। 

         वक्त का किसी से कोई संबंध नहीं अपितु अन्य का संबंध वक्त से होता है। वक्त कभी किसी के अनुरूप ढलता नहीं और ना हीं किसी के विपरीत होता है। वक्त-वक्त में कोई समानता और भिन्नता नहीं अपितु वक्त में तो एकरूपता है। वक्त का किसी से कोई रिश्ता नहीं और ना हीं किसी से बैर होता है। वक्त बिल्कुल निष्पक्ष होता है। 

         वक्त के मार्ग में कभी कोई अवरोध नहीं होता। वक्त का कोई ठहराव नहीं। जो निरन्तर एकसमान गतिशील है वही तो वक्त है। बीता वक्त, वर्तमान वक्त और आने वाला वक्त सभी एक हैं। वक्त कभी बदलता नहीं यह तो जैसा है वैसा ही रहता। वक्त-वक्त में कोई तुलना नहीं। वक्त कभी किसी से प्रभावित नहीं होता बल्कि वक्त का प्रभाव हर परिदृश्य पर होता है। वक्त तो अविरल और अविचल प्रवाह की अवधारणा है। वक्त एकल मार्गी है, अडिग और अटल है। वक्त हर जगह निहित है या यूं कहें कि वक्त हर जगह अंतर्निहित है। वक्त की मौजूदगी हर ओर है। कुछ नहीं भी है तो वक्त है।  

         वक्त का गुण-अवगुण नहीं, अच्छाई-बुराई नहीं। वक्त में माया-मोह का भी कोई स्थान नहीं। जो दुनिया की हर गतिविधि से परे है वह वक्त है। वक्त का किसी से जुड़ाव-अलगाव नहीं। वक्त का कोई उतार-चढ़ाव नहीं। वक्त का कोई पैमाना नहीं।


               • वक्त तो वक्त है •

Comments

Popular posts from this blog

रिश्तों में औपचारिकताओं का प्रभाव

आन्दोलन की जद में संभावना तलाशते प्रशांत किशोर