आन्दोलन की जद में संभावना तलाशते प्रशांत किशोर

        इस देश की राजनीति में आन्दोलन का बहुत बृहद और व्यापक प्रभाव रहा है। वक्त-बे-वक्त विभिन्न आन्दोलनों से कई दिग्गज राजनेता उपजे हैं। बिहार की धरती भी आन्दोलनकारियों से भरी पड़ी है। आन्दोलन और उसके गहरे महत्व के संदर्भ में आज बात बिहार की वर्तमान राजनीति में बेहद तीव्रता से उभरते हुए नेता प्रशांत किशोर की जो आन्दोलनरत हैं। ऐसे में सवाल यह कि क्या आन्दोलन से निकलकर राजनीति में परचम लहराने वाले अगले राजनेता प्रशांत किशोर होंगे ? 

         पार्टियों के लिए चुनावी प्रबंधन करते-करते राजनीति में कदम रखने वाले प्रशांत किशोर को राजनीति में आए अभी ज्यादा वक्त नहीं बीते हैं लेकिन बिहार की राजनीतिक वादियों में उनका नाम खूब चर्चासीन रहता है। प्रशांत किशोर की राजनीतिक दक्षता और परख काफी पैनी है इस पर किसी को संदेह नहीं। राजनीति में अपने तरकश से कब, कौन से तीर चलाने हैं उनको बखूबी आता है। मौजूदा वक्त में आंदोलनरत प्रशांत किशोर का अनशन उसी कूटनीति का हिस्सा है। राजनीति में कदम रखते ही प्रशांत किशोर ने पूरे बिहार में पदयात्रा कर लोगों को खुद के जरिए एक उम्मीद देने की भरपूर कोशिश की लेकिन किसी व्यक्ति की बातें लोगों के जेहन में उतारना इतना आसान नहीं। जिस बिहार में जातिगत और धर्मगत राजनीति ने अपना वर्चस्व कायम कर रखा है वहां लोगों को उसकी जद से निकालना बहुत मुश्किल कड़ी प्रतीत होता है। प्रशांत किशोर को भी इसका आभास होते देर ना लगी और हालिया बिहार विधानसभा उपचुनाव का परिणाम भी उन्हें इस बात का पूर्ण अहसास करा गया।

        कहते हैं ना कि राजनीति में कभी मुद्दों की कमी नहीं होती। उपचुनाव में मिली हार के बाद प्रशांत किशोर को भी एक ऐसे मुद्दे की जरूरत थी जिस पर वे सरकार और विपक्ष दोनों पर एकसाधा निशाना लगा सकें। इसी वक्त बिहार लोक सेवा आयोग के परिक्षार्थियों के आन्दोलन ने दस्तक दिया। लोगों के बीच जाकर उनके बच्चों की उनकी चिंता का बोध कराने वाले प्रशांत किशोर को यह एक बेहतरीन मुद्दा मिला। प्रशांत किशोर बिना देर किए छात्रों के उस आन्दोलन में कूद पड़े। छात्रों के उग्र होते आन्दोलन को अपने वक्तव्यों और हुंकार से उन्होंने और गति दी लेकिन उनका दाव उल्टा पड़ गया। उसी दौरान छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया। आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए इस लाठीचार्ज का आरोप सरकार पर काम प्रशांत किशोर पर ज्यादा लगा। बातें यह निकाल कर सामने आई कि प्रशांत किशोर ने अपने भाषण के जरिए छात्रों को और उग्र किया। स्थिति को बेकाबू देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस लाठीचार्ज के बाद बीपीएससी अभ्यर्थियों का एक बड़ा वर्ग ने प्रशांत किशोर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और पूरा ठिकरा प्रशांत किशोर पर फोड़ दिया। छात्रों की नाराजगी ने निश्चित तौर पर प्रशांत किशोर को चोटिल किया लेकिन प्रशांत किशोर ठहरे राजनीति के एक मंझे खिलाड़ी, भला दूसरों को राजनीति का पाठ पढाने वाले खुद कैसे हाथ पर हाथ धरे रहते। 

        प्रशांत किशोर अपने साथियों के साथ पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में अनशन पर बैठ गए और वहीं से बीपीएससी छात्रों की मांगो का समर्थन करते हुए सरकार को झुकाने का प्रयास करने लगे। आन्दोलन और अनशन का यह रास्ता प्रशांत किशोर के लिए थोड़ा संतोष देने वाला सिद्ध हुआ और छात्रों में उनके प्रति रोष को कम किया। लेकिन उनके अनशन को कुछ ही दिन बीते थे कि 6 जनवरी को अहले सुबह पटना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया हालांकि न्यायिक प्रक्रिया के बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत भी दे दी लेकिन चौंकाने वाली बात तो तब हुई जब उसे जमानत की अर्जी पर प्रशांत किशोर ने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। बकौल प्रशांत किशोर उन दस्तावेजों में ऐसी बातें उद्धृत थी कि आगे मैं इस तरह का कोई काम नहीं करूंगा। अब भला आन्दोलन से छवि सुधारने और छात्रों के बीच पनप रहे एक रहनुमा सरीखी छवि को वे कैसे विराम लगा देते लिहाजा हस्ताक्षर करने से मना करने के बाद न्यायालय ने उन्हें 14 दिन की हिरासत में भेज दिया। 

        पुलिस हिरासत में जाने के बाद भी प्रशांत किशोर के तीव्र स्वर कम होने के नाम नहीं ले रहे हैं। हिरासत के वक्त उनका साफ तौर पर कहना था कि ना वह जमानत लेंगे और नहीं वे अनशन खत्म करेंगे। सरकार और पुलिस को जो करना है करें लेकिन वह उन्हें झुका कर ही मानेंगे। कुछ ही देर बाद न्यायालय से उन्हें जमानत मिल गई दलील यह दी गई के न्यायालय ने धरणा करने से मना किया है लेकिन वे शांतिपूर्ण सत्याग्रह कर रहे हैं। हिरासत से निकलते ही प्रशांत किशोर ने प्रेस कांफ्रेंस बुलाई और पूरे घटनाक्रम से मीडिया को अवगत कराया। उस वक्त अंत में उनके द्वारा कही एक बात का सार गहराई से समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि वे आन्दोलनरत थे, आन्दोलनरत हैं और सरकार के इस मुद्दे पर झुकने तक आन्दोलनरत रहेंगे। 

        प्रशांत किशोर का लहजा, उनके वक्तव्य, उनकी कूटनीति तथा उनकी राजनीतिक चाल इस बात का द्योतक है कि वह आंदोलन के सहारे अपनी राजनीतिक छवि को साधना चाहते हैं और यह सिद्ध करना चाहते हैं कि वह युवाओं के कितने बड़े रहनुमा हैं तथा युवाओं और लोगों के हक के लिए वे खुद की भी परवाह नहीं करते हैं। अपने भाषणों के दौरान लोगों की हक की बात करने वाले प्रशांत किशोर यह जानते हैं कि मौजूदा वक्त का उनका मौजूदा आंदोलन लोगों में उनके प्रति विश्वास को पैदा करेगा लिहाजा प्रशांत किशोर यह चाहते ही नहीं है कि यह आंदोलन खत्म हो।

        आंदोलन की पैनी धार से राजनीति साधने की बात की जाए तो वर्तमान समय में एक सफल उदाहरण अरविंद केजरीवाल का लिया जा सकता है। आंदोलन से निकलकर आम आदमी पार्टी का निर्माण कर अरविंद केजरीवाल ने एक ऐसी राजनीति की, जिस पर लोगों ने भी भरोसा जताया और उसी के दम पर मौजूदा वक्त में अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता वाली आम आदमी पार्टी की दो राज्यों में सरकार है। प्रशांत किशोर भी आंदोलन के उसे ताकत को बखूबी जानते हैं और हो ना हो मौजूदा आंदोलन के परिपेक्ष में वे खुद को विकासवादी नेता के तौर पर उभारना चाहते हैं। 

        यह आन्दोलन प्रशांत किशोर की राजनीतिक छवि को कितना उछाल देता है यह तो वक्त बताएगा लेकिन एक बात तो तय है कि जब कभी भी कोई राजनेता उभरने की कोशिश करता है उसे इस देश में आन्दोलन की जरूरत पड़ती है। 

     

                                          Vinayak Suman

Comments

Popular posts from this blog

रिश्तों में औपचारिकताओं का प्रभाव

वक्त तो वक्त है