रिश्तों में औपचारिकताओं का प्रभाव

           मानवीय जिंदगी को औपचारिकताओं ने बहुत हद तक प्रभावित कर रखा है। कदम-दर-कदम आपको औपचारिकता से रूबरू होना पड़ता है। रिश्तों में भी औपचारिकताओं का चलन दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। रिश्ते चाहे जैसे भी हों, आत्मीय रिश्ते हों या भावनात्मक रिश्ते, व्यक्तिगत रिश्ते हों या फिर हो सामाजिक रिश्ते, हर तरफ औपचारिकता का बोलबाला है। औपचारिकता तो ठहरा औपचारिकता ही, अगर रिश्ते भाव-प्रेम के हों तो औपचारिकता अधिक स्पष्टता से महसूस होते हैं जो कई शिकायतों को जन्म देती है। बाकी रिश्तों में तो औपचारिकता की ही प्रधानता होती है। लोग औपचारिकता को ही आपसी मेलजोल की कड़ी मानते हैं।


            करीब के अपनापन वाले रिश्तों में औपचारिकता का कोई स्थान नहीं होना चाहिए लेकिन आज औपचारिक गतिविधियों से गहरे संबंधों को जोड़े रखने और उसे व्याख्या करने की भरसक कोशिश की जाती हैं लेकिन वह निराधार साबित होती है। जहां अपनापन है वहां औपचारिकताएं नहीं होनी चाहिए। अगर औपचारिकताओं को तरजीह देकर करीबी रिश्तों को परिभाषित करने की कोशिश की जाए तो स्वत: ही वैसे रिश्ते चोटिल होने लगते हैं। इसको इस तरह भी कह सकते हैं कि जहां अपनापन है वहां औपचारिकताएं नहीं होती और जहां औपचारिकताएं होती वहां अपनापन नहीं पनपता। अक्सर यह देखा और महसूस किया जाता है कि लोग आपसी रिश्तों को औपचारिक तरीके से जीते हैं, इस दौरान यह संभव है कि चन्द औपचारिकताएं उस रिश्ते की गहराई पर असर डालते हैं। 


          करीबी रिश्तों से पृथक अन्य सभी रिश्तों और संबंधों पर औपचारिकताओं का कोई खास असर नहीं होता। वहां तो बस एक रूटीन अपनाया जाता है। सामने वाले पक्ष भी इसे औपचारिकवश ही लेते हैं और वहां शिकायत की कोई खास गुंजाइश नहीं होती। यूं कहें कि ऐसे रिश्तों के लिए औपचारिकताएं बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है। अगर औपचारिकता ना किया जाए तो शिकायतों का दौर शुरू हो जाता है। ऐसे रिश्तों को बनाए रखने में औपचारिकताएं बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 


            औपचारिकताएं कोई गलत तरीके नहीं है लेकिन इसे करीबी रिश्तों में गौण होना चाहिए। लोगों की सामाजिक जिंदगी को बनाए रखने में औपचारिकताओं का महत्वपूर्ण रोल होता है। यूं कहें कि औपचारिकताएं सामाजिक तौर पर लोगों की जिंदगी को सुलभ बनाने का कार्य करती है। कभी-कभी औपचारिक रिश्ते भी बेहद करीबी रिश्तों में तब्दील हो जाता है। औपचारिकताएं जोड़ने का कार्य करती है लेकिन वहां जहां रिश्तों में रिक्तता हो और उसे जोड़े जाने की जरूरत हो वरना औपचारिकताएं बने-बनाए रिश्तों में खटास भी ला देती हैं। यह लोगों की समझ और आपसी रिश्तों की गहराई पर निर्भर करता है कि कहां औपचारिकता करनी चाहिए और कहां नहीं। 

Comments

Popular posts from this blog

आन्दोलन की जद में संभावना तलाशते प्रशांत किशोर

वक्त तो वक्त है