सेवा: कठिनाइयों से भरा सफर

             जिंदगी जीने के अपने-अपने सलीके, अपना-अपना अंदाज है। उसी से तय होती है आपकी जिंदगी की व्यापकता। इसमें कोई संदेह नहीं कि जिंदगी को बनाने में कर्मों का बड़ा योगदान होता है। वैसे यह तो लोगों पर निर्भर करता है कि वे अपनी जिंदगी को कैसा आयाम देना चाहते हैं। 

               खुद के लिए जीना हो तो कैसे भी जी लें जिंदगी लेकिन दूसरों के सेवार्थ जीने को ही अगर आपने अपनी जिंदगी जीना बना लिया तो यह कतई आसान नहीं। अनन्य बाधाएं, लम्बा संघर्ष पथ, विचलित कर देने वाली परिस्थितियां, नित नई उपजती चुनौतियां आपको हर वक्त डिगाने को आमदा रहती हैं। आपके जज्बे, जुनून, जिद, जिजीविषा, जूझारूपन, साहस और परिश्रम का हर पल इम्तेहान होता रहता है। ऐसे में मौजूदा वक्त की समस्याओं से पार पाने को प्रयासरत रहते हुए भविष्य में आने वाली हर बड़ी से बड़ी चुनौतियों का भी ध्यान रखना होता है, उनसे जूझने और उनके समाधान को तैयार भी रहना पड़ता है। इसमें कभी-कभी तो ऐसी परिस्थिति बन जाती है कि एक ओर ना डिगने की ज़िद तो दूसरी ओर आपको तोड़ने वाली चट्टानी ताकत खड़ी होती है। ऐसी स्थिति में आपको ना सिर्फ उन ताकतों को हराना होता है बल्कि अपनी जिद को भी बरकरार रखना होता है। 

               इन सारे भावों और चुनौतियों को पढ़कर समझ पाना बहुत मुश्किल है। इन्हें समझने के लिए इन सबसे दो-दो हाथ करने पड़ते हैं। कई मौकों पर तो आप निसहाय भी हो जाते हैं। उस वक्त आपको खुद से लड़ाई करनी पड़ती है। ऐसे में आपके अटल इरादे और कभी हार ना मानने का संकल्प हीं आपका मार्ग प्रशस्त करते हैं। मन में कौंधते हुए सवाल और अन्य लोगों के कथन के बीच आपको तादात्म्य स्थापित करते हुए कंटीली राहों पर अग्रसर होना होता है, अब चाहे उसकी चुभन कितनी ही गहरी और दर्दनाक क्यूं ना हो। हर टीस सहते हुए नित निरन्तर आगे बढ़ना होता है। आपके अंदर चल रहे अंतर्द्वंदों से भी आपको खुद जूझना होता है और तमाम तरह की उलझनों को दरकिनार करते हुए उससे बाहर भी निकलना पड़ता है।

               यह एक युद्ध है जिसमें कभी आपको समस्याओं से लड़ना पड़ता है तो कभी स्थितियों और परिस्थितियों से जूझना। कभी आपका युद्ध अभाव तो कभी मनोभाव से होता है। एक लड़ाई खुद से तो दूसरी अन्य लोगों से। यह एक ऐसा रण है जिसमें कब कौन कहां पर कैसे वार कर दे इसका अंदाजा भी लगा पाना मुश्किल होता है। इसके अलावा मानसिक, शारीरिक, आर्थिक स्तरों पर आपका युद्ध तो निरन्तर चलता ही रहता है। वैसे तो युद्ध का मतलब ही चुनौती होता है सो इसमें हर वक्त नई-नई तरह की चुनौतियां पेश आती रहती हैं। ऐसे में आपको एकदम चौकन्ना रहना पड़ता है।

               हमेशा आपके द्वारा जलाए चराग को नकारात्मकता और असफलता की आंधियां बुझाने को आतुर होती हैं। उस वक्त आपको खुद पर उन आंधियों को झेलना होता है चाहे आपकी कितनी भी क्षति क्यों ना हो। कई मौकों पर आपके साथ खड़े लोग आपसे मुंह मोड़ लेते हैं उस वक्त भी आपको अकेले खड़ा रहना होता है क्योंकि ये जिद ही आपको सेवारत रखता है। 

               चाहे परिस्थितियां कितनी भी प्रतिकूल क्यूं ना हो, मुश्किलातों का अंबार हो आपको अडिग रहना होता है ताकि जिस भरोसे को आपने सृजित कर उसे बृहद बनाया है जिन उम्मीदों से आपने लोगों को बांध रखा है वह अनवरत बना रहे। उम्मीद तो हर वक्त बनती बिगड़ती रहती है, विश्वास बमुश्किल बन पाता है। 


                                                           आभार 🙏

Comments

Popular posts from this blog

रिश्तों में औपचारिकताओं का प्रभाव

आन्दोलन की जद में संभावना तलाशते प्रशांत किशोर

वक्त तो वक्त है