सृजन: प्रकृति की अद्भुत कृति

           सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड में सृजन का सबसे उत्कृष्ट उदाहरण देखना हो तो प्रकृति के गोद में बसे पेड़-पौधों को देखें, जमीं में बो दिए गए बीजों से फूटते नव अंकुरों को देखें। इनकी सृजनात्मकता इतनी प्रबल होती है कि कई बार इन्हें नष्ट करने का कृत भी इनके सामने बौना सिद्ध हो जाता है। पगडंडियों पर या जंगलों में घूमते हुए आप इसके अनेक उदाहरण से रूबरु हो सकते हैं।

           बात जमीन से उगते नए पौधे की हो या फिर पेड़ों की कटी टहनियों में से नव शाखाओं का उगना हो या फिर मिट्टी ना होते हुए भी चट्टानों का सीना चीरकर उगे उस पौधे की हो जो चट्टानी वीरान भूमि में तनकर खड़ा हो अपने अस्तित्व और सृजन की पराकाष्ठा का प्रदर्शन कर रहा हो, सभी दृश्य इस बात पर अमिट मुहर लगाते हैं कि वे सृजन के अप्रतिम उदाहरण हैं। 

           सृजन का कोई मापदंड नहीं, कोई नियम नहीं, कोई निश्चितता नहीं, सृजन तो सृजन होता है यह कहीं भी, कभी भी और किसी तरह भी हो सकता है, शायद इसीलिए तो कहते हैं कि प्रकृति का अनुमान लगाना असंभव सा होता है। एक बात तो तय मानिए कि सृजनात्मकता सदा ही सकारात्मकता का द्योतक होती है। प्राकृतिक सृजन प्रकृति के ऐसे नियम और उसके भाव को प्रदर्शित करता है जो उसके गहरे अस्तित्व से जुड़े होते हैं। 

           आप वृक्ष या पौधे को जिस स्थान से काटते हैं वह पुनः वहीं से नव शाखाओं को सृजित कर देता है। ऐसे कारनामे आपको हर जगह देखने को मिलेंगे। ये प्रकृति के चमत्कार का ऐसा स्वरूप है जो शायद हीं कहीं और देखने को मिले। 

           पेड़-पौधों में सृजनात्मकता उसके सौंदर्य का भी पूरक होती है। एक पौधे में सृजनशीलता जितनी अधिक होती है वह पौधा उतना हीं अधिक सौंदर्यपूर्ण होता है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या हम प्रकृति के इस बेहद खूबसूरत कृति को सहेज सकते हैं, क्या हम उनकी सौंदर्यता बनाए रखने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं ? 

            

Comments

Popular posts from this blog

रिश्तों में औपचारिकताओं का प्रभाव

आन्दोलन की जद में संभावना तलाशते प्रशांत किशोर

वक्त तो वक्त है