ठंड का बदलता मिजाज खतरे की आहट
इस बार अधिक सर्दी ना होने से आम लोगों खासकर गरीब वर्ग के लोगों को बहुत राहत मिली है लेकिन इसे सुखद संकेत तो कतई नहीं माना जाना चाहिए। गौरतलब हो कि मैं इस आलेख में उत्तर भारत की बात कर रहा हूं। ठंड का ना होना बुरा संकेत है खासकर वैसे क्षेत्रों में जहां ग्रीष्म अपनी ऊष्मा का रिकॉर्ड दर्ज करता हो। यह पर्यावरण के दृष्टिकोण से वो विभत्सकारी आहट है जो वक्त के साथ सामने आएगा। फसलों पर भी इसका कुप्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। प्राणी जगत की बात करें या फसलों की बात करें चाहे प्राकृतिक चीजों की बात करें, इसका बुरा प्रभाव शीघ्र या विलम्ब हर तरफ होनी तय है।
पिछले वर्ष तक हाड़ कंपाने वाली ठंड का आखिर इस वर्ष दस्तक क्यूं नहीं हुआ ? शीत ऋतु में सर्दी ना पड़ने का क्या कारण है ? ठंड की चरम सीमा पर गुजरने वाली जनवरी माह के मध्य में धूप इतनी कड़ी क्यूं है ? कोहरे से ढंकी रहने वाली वादियां इतनी साफ-साफ क्यों है ? ये सारे ऐसे यक्ष प्रश्न हैं जिनके उत्तर समय रहते निकालने आवश्यक हैं और साथ ही उनके उपायों पर अमल करना भी उतना ही जरूरी।
आज यदि प्रकृति अपना स्वरूप बदल रही है तो इसका जिम्मेदार मानव है। बढ़ता प्रदूषण, प्रकृति व प्राकृतिक संसाधनों का अनावश्यक दोहन, रसायन का प्रयोग, आधुनिक तकनीक का बढ़ता प्रसार आदि कारणों ने प्रकृति को खूब चोट पहुंचाई है जिससे उसके वास्तविक रूप पर व्यापक असर पड़ा है। जब-जब मानवीय कारणों से प्रकृति अपनी बनाई हुई व्यवस्था से अव्यवस्थित हुई है तब-तब विध्वंसक परिणाम देखने को मिले हैं। मौजूदा हालात को भी आप उसी कड़ी से जोड़ सकते हैं।
लगातार गर्म होती जलवायु ने किस प्रकार सम्पूर्ण प्राणी जगत के जीवन पर दुष्प्रभाव डाला है यह हम सभी के सामने है। बरस दर बरस अपना ही रिकॉर्ड को तोड़ता तापमान आम जीवन को बहुत ही बर्बरता से प्रभावित किया है। ग्रीष्म ऋतु की गर्माहट को शीतलता प्रदान करने या फिर उसे संतुलित करने हेतु शीत ऋतु की सर्दी बेहद आवश्यक है। निरन्तर गर्म होती जलवायु भयावहता की ओर संकेत कर रही है। समुद्रीय जलस्तर का बढ़ना इसी गर्म होती जलवायु का परिणाम है।
प्राकृतिक संतुलन स्थापित करने के लिए प्रकृति द्वारा नियम बनाए गए हैं ताकि जन-जीवन सुलभ हो लेकिन यदि उन नियमों से खिलवाड़ होगा तो प्रकृति कभी माफ नहीं करने वाली। उसका दंड उसे भी भोगना होगा जो दोषी नहीं है। यह इस बात का संदेश है कि हर व्यक्ति को एकजुट होकर पर्यावरण संरक्षण हेतु कार्य करना चाहिए ताकि प्राकृतिक संतुलन स्थापित रहे।
यदि प्रत्यक्ष रूप से देखा जाए तो लोग इससे बिल्कुल बेपरवाह हैं मानों कुछ हुआ ही नहीं लेकिन यह सत्य है कि वर्तमान की जद में विध्वंसकारी भविष्य फल-फूल रहा है। इसकी आहट को निश्चित रूप से पहचानना होगा ताकि समय रहते कुछ उपाय किए जा सकें। कहीं ऐसा ना हो कि आने वाले समय में हमारे पास मूकदर्शक बने रहने के अलावा कोई उपाय नहीं रहे। प्रकृति के हर रूप और उसके द्वारा प्रदत्त तत्वों, संसाधनों व अन्य चीजों की उपयोगिता और उसके बचाव से हर एक व्यक्ति को जुड़ना होगा ताकि प्राणी जगत सुलभता से अपना जीवन जी सके।
Vinayak Suman
Comments
Post a Comment