चुनौतियों से भरे सफर पर डोनाल्ड ट्रम्प

         अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप डोनाल्ड ट्रम्प की शपथ अमेरिका के लिए विश्व पटल और आंतरिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आज अमेरिका ऐसी स्थिति में है जहां उसके समक्ष वैश्विक चुनौतियां और आंतरिक मुश्किलात बड़ी ही दृढ़ता से खड़ी है और अमेरिका को उससे बहुत ही चतुराई से लड़ना है। राजनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक तौर पर भी अमेरिका परीक्षण की स्थिति से गुजर रहा है। अमेरिका के लिए खुद को सर्वश्रेष्ठ बने रहने की चुनौती भी हमेशा कायम रहती है क्योंकि इसी से तो उसकी साख बनी रहनी है। बहरहाल अमेरिका के इन आंतरिक और बाह्य द्वंदों के बीच दोबारा निर्वाचित हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की भूमिका की ओर पूरा विश्व निहार रहा है। 

        अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के चुनाव में किए वादे भी उनके लिए चुनौतीपूर्ण सिद्ध होने वाले हैं। इससे पहले कि आगे बढ़े आपको याद दिला दें कि डोनाल्ड ट्रम्प ने किन-किन मुद्दों और सुधार की बात बड़ी ही दृढ़ता से चुनाव में की थी। चाहे बात अमेरिका में प्रवासियों के निष्कासन का मुद्दा हो, या शपथ ग्रहण के 24 घंटे के अंदर रूस-यूक्रेन युद्ध विराम की बात हो, टैक्स में राहत देकर अमेरिकी लोगों को राहत देने की बात हो या फिर वैश्विक पटल पर आर्थिक मोर्चे की चुनौती हो, मैक्सिको से सटी सीमाओं का पूर्ण रूप से घेराबंदी हो या फिर कनाडा पर टैक्स बढाने या उसे अमेरिका में शामिल करने की बात हो, स्वतंत्र देश ग्रीनलैंड पर अपना अधिपत्य कायम करने का मुद्दा हो या फिर पनामा नहर पर पुनः अपना अधिपत्य जमाने की बात हो या साउथ चाइना सी को लेकर चीन से तकरार का मुद्दा हो, अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में अपनी घटती भागीदारी का मुद्दा हो या फिर आर्थिक मंदी से अमेरिका को निजात दिलाने की बात हो। डोनाल्ड ट्रम्प के शपथ के साथ ही ये सारे मुद्दे उनके सामने हैं जिस पर ठोस कदम उठाकर उन्हें अमेरिकी हित को साधना होगा।

        कोरोना वायरस के दौरान आई आर्थिक मंदी, बेरोज़गारी और महंगाई से अमेरिका भी अछूता नहीं है और इतने समय बाद भी वह उसके कुप्रभावों से उबर नहीं पाया है। जनता बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर राष्ट्रपति ट्रंप से आस लगाए बैठी है। खुद ट्रंप के लिए इस बेहद महत्वपूर्ण मुद्दे पर जनता को राहत देना चुनौतीपूर्ण है। टैक्स में छूट का ऐलान तो अमेरिकी लोगों के लिए तो हर्ष का विषय है लेकिन क्या ट्रंप करोड़ों अमेरिकियों को टैक्स का छूट दे पाएंगे यह जानते हुए भी कि लोगों के दिए टैक्स ही सरकार को आर्थिक गतिशीलता देता है। डोनाल्ड ट्रम्प स्वतंत्र देश ग्रीनलैंड को खरीदकर वहां पाए जाने वाले खनिज के अकूत भंडार के जरिए भी अमेरिका को आर्थिक मजबूती प्रदान करना चाहते हैं। अमेरिका में घुसपैठियों पर पूरी तरह से रोक लगाने की बात राष्ट्रपति ट्रंप के लिए बहुत चुनौतीपूर्ण मुद्दा रहने वाला है। 

        अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट रूप से इस बात का ऐलान किया है कि वे युद्ध नहीं चाहते और ना हीं वे किसी देश को किसी देश के खिलाफ युद्ध के लिए सहायता करेंगे। वे जानते हैं कि अमेरिका खुद और दूसरे देशों को युद्ध सामाग्री का मदद करता है जिसके कारण अमेरिका का करोड़ों डॉलर यूं हीं बर्बाद हो जाता है। इस पर लगाम लगाकर डोनाल्ड ट्रम्प फजूल खर्ची को बचाना चाहते हैं लेकिन सवाल यह है कि क्या अमेरिका के मद्देनजर यह संभव है ? विश्व के कई देश अमेरिका के पक्षधर इसलिए भी है कि वह उसे सैन्य, हथियार सहित अन्य मोर्चों पर मदद करता है। ऐसा करके वह ना सिर्फ विश्व के देशों को अपने पक्ष में करना चाहता बल्कि वैश्विक पटल पर खुद को महाशक्ति वाली छवि साबित किए रहने के लिए महत्वपूर्ण मानता है। ज्ञात हो कि वर्तमान में चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध में अमेरिका यूक्रेन को हथियार के साथ-साथ युद्ध की अन्य सामाग्रियां भी मुहैया करवा रहा है। यूक्रेन एक अकेला देश नहीं जिसे अमेरिका युद्ध में सहायता पहुंचा रहा है बल्कि गाहे-बगाहे कई देश इस कतार में सूचिबद्ध हैं।

        पनामा नहर पहले अमेरिका के पास था लेकिन बाद में अमेरिका इसे स्वतंत्र रूप से पनामा को सौंप दिया था लेकिन डोनाल्ड ट्रम्प उस पनामा नहर पर पुनः अपना अधिकार चाहते हैं जिसके लिए उन्होंने ऐलान भी कर दिया है। डोनाल्ड ट्रम्प के अनुसार वर्तमान में पनामा नहर का सर्वाधिक उपयोग चीन करता है और उस पर चीनी सैनिकों का कब्जा है। साउथ चाइना सी को लेकर अमेरिका और चीन के बीच द्वंद सार्वजनिक है। सिर्फ ये दो मुद्दे ही नहीं बल्कि अमेरिका और चीन में कई मुद्दों पर बहस है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी सस्ती तकनीक और सामानों को लेकर पांव पसार रहा चीन अमेरिका की नजरों में खटकता रहता है। 

        चुनाव के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का नारा "मेक अमेरिका ग्रेट अगेन" काफी प्रसिद्ध हुआ था। वैश्विक देशों से संबंधों की कड़वाहट झेल रहा अमेरिका क्या उनका पसंदीदा राष्ट्र बनेगा यह एक बड़ी चुनौती है। राष्ट्रपति ट्रंप के वादे और ऐलान के कारण पूरा विश्व अभी डोनाल्ड ट्रंप की ओर देख रहा है।‌ डोनाल्ड ट्रम्प ने भी अपने रूख से यह बता दिया है कि आने वाले समय में वे कठिन फैसले लेने वाले हैं। अमेरिका आज जिस मोड़ पर खड़ा है वहां ट्रंप को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा चाहे वह अमेरिका के मौजूदा हालात के मद्देनजर हो या अमेरिका फर्स्ट का नारा देने वाले ट्रंप के वादों के मद्देनजर। ट्रंप इन चुनौतियों का सामना कितनी दक्षता से करते हैं यह तो नेपथ्य में हैं लेकिन ये सारी चुनौतियां आने वाले वक्त में अमेरिका की दशा और दिशा निर्धारित करने में कारगर सिद्ध होगी।

 

                                        Vinayak Suman 


Comments

Popular posts from this blog

रिश्तों में औपचारिकताओं का प्रभाव

आन्दोलन की जद में संभावना तलाशते प्रशांत किशोर

वक्त तो वक्त है