बड़ी कठिन है डगर दिल्ली की...

        देश की राजधानी दिल्ली में अभी ठंड का सितम है लेकिन बावजूद इसके वहां का पारा बेहद गर्म। कारण है दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान। चुनाव आयोग ने दिल्ली में 5 फरवरी को चुनाव कराने की घोषणा की है तथा 8 फरवरी को चुनाव के नतीजे आएंगे। अब ऐसे में सवाल उठता है कि इस बार दिल्ली के चुनावी डगर को कौन साधेगा और दिल्ली का विजेता कौन बनेगा ? इससे पहले कि आगे की बात करें आपको बताते चलें कि इस बार दिल्ली विधानसभा का चुनाव एकतरफा तो कतई नहीं है। 

        मौजूदा दिल्ली का चुनावी दंगल कितना दिलचस्प होने वाला है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चुनाव की तारीखों के ऐलान के महीनों पूर्व से सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी, मुख्य विपक्षी दल भाजपा तथा दिल्ली में फिर से अपनी जमीन तलाश रही कांग्रेस द्वारा चुनावी रणनीतियां, सभाएं, चुनावी वादे, लोक-लुभावन घोषणाएं अपने चरम पर हैं। 

        पिछले दो चुनावों में आम आदमी पार्टी की शानदार और एकतरफा जीत ने भले ही कीर्तिमान स्थापित किया हो लेकिन इस बार दिल्ली का मूड उस औसत से बदला-बदला सा प्रतीत हो रहा है। स्पष्ट तौर पर कहें तो आम आदमी पार्टी और केजरीवाल के लिए मौजूदा चुनाव पिछले दो विधानसभा चुनावों से ज्यादा कठिनाई भरा हो सकता है। इस चुनाव में पुनः टक्कर आप और भाजपा के बीच होनी तय है। 

        आखिर इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप, भाजपा और कांग्रेस तीनों को अपने-अपने स्तर पर उम्मीद क्यों है ? इसे बारी-बारी से समझने की कोशिश करते हैं। पहले बात सत्तासीन आम आदमी पार्टी की। इस बार के चुनाव को समझने के लिए बरवश आपका ध्यान पांच साल पहले सम्पन्न हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव की ओर ले जाना चाहूंगा। वर्ष 2019 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव के समय आम आदमी और केजरीवाल की जो छवि थी वह बेदाग, कर्मठ और जनता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाने वाला था। दिल्ली के सरकारी स्कूलों व अस्पतालों की स्थिति में सुधार, मुहल्ला क्लिनिकों की स्थापना सहित मुफ्त की कई योजनाओं के सहारे दिल्ली के मतदाताओं में केजरीवाल के प्रति विश्वास स्थापित हो गया था जिसे 2019 के विधानसभा चुनाव के नतीजों से बखूबी समझा जा सकता है। 

        इससे इतर आज 2025 का चुनावी रण केजरीवाल के लिए चुनौतियों से भरा है और जिससे पार पाना बेहद मुश्किल भी प्रतीत हो रहा है। चुनाव में जनता सरकार के पिछले कामों और बड़े वायदों को ध्यान में रखकर वोट करती है। आपको याद दिला दें कि 2019 में अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को तीन बड़े वादे किए थे। पहला, यमुना नदी को साफ करना, दूसरा, दिल्ली को खुले बिजली तारों के जंजाल से मुक्त करना तथा तीसरा, हर घर तक पीने का स्वच्छ पानी पहुंचाना। गौर करने वाली बात यह है कि 5 वर्ष बाद भी केजरीवाल के ये इन तीनों वायदे सरकारी संज्ञान का बाट जोह रहे हैं। स्वयं अरविंद केजरीवाल ने भी इन तीनों मुद्दे पर खुद को फेल स्वीकार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मैं 2019 के तीनों प्रमुख वायदों पर काम नहीं कर पाया और इसके बाद उन्होंने सारा आरोप भाजपा पर डाल दिया। 

        इन तीनों मुख्य मुद्दों के अलावा खुद को ईमानदारी का पर्याय करार देने वाले अरविंद केजरीवाल खुद शराब घोटाले में जेल जा चुके हैं फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर हैं। जेल से आने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से यह कहकर इस्तीफा दिया कि दिल्ली की जनता मुझे फिर से बतौर मुख्यमंत्री चुनेगी तभी मैं इस पद पर आसीन होऊंगा। इस कूटनीति के जरिए उन्होंने पुनः खुद को पाक करार देने की कोशिश की लेकिन इसका फैसला तो चुनाव में होना है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के कई शीर्ष नेता भी भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुके हैं लिहाजा लोगों में उनके प्रति सम्मान और विश्वास दोनों घटा है। उनके पिछले कार्यकाल में उनके द्वारा बनाया गया मुख्यमंत्री आवास की आलीशान, आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह लैश शीशमहल भी चर्चा का केंद्र बनी रही। जो केजरीवाल यह कहा करते थे कि उनके रहने के लिए एक साधारण फ्लैट ही काफी है लेकिन दूसरी तरफ खुद के लिए आलीशान महल का निर्माण करवाना लोगों के दिल में उनके प्रति विश्वास को चोटिल किया है। इन सबके बावजूद आम आदमी पार्टी को लेकर एक बात अवश्य जेहन में होनी चाहिए कि पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने लगभग 90% सीट पर जीत हासिल की थी। वहां से उसे 50 फीसदी पर ले आना आसान काम नहीं।

        आम आदमी पार्टी के बाद अब बात दिल्ली विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल भाजपा की जिसे दिल्ली विधानसभा की गद्दी पर बैठे 25 वर्ष से भी ज्यादा वक्त बीत गया है। पहले कांग्रेस और अब आम आदमी पार्टी ने उसे दिल्ली की गद्दी से कोसों दूर रखा है। इन सबके बावजूद 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूरी उम्मीद है कि वह सरकार बनाएगी। पिछले चुनाव में 35 से भी अधिक विधानसभा सीटों पर जीत का अंतर महज कुछ सौ या कुछ हजार वोट ही रहे थे ऐसे में भाजपा बहुत ही बारीकी से मंथन करके उम्मीदवार को टिकट दे रही है जो पिछले अंतर को पाटकर भाजपा का परचम लहरा सकें। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के कई शीर्ष नेताओं की भ्रष्टाचार के आरोप, उनके जनता से किए वादे निभाने में विफल रहने से भाजपा को आस है। इसके साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिल्ली को दिए सौगातों, वहां किए विकास कार्यों को भी भाजपा अपना हथियार बना रही है। आम आदमी पार्टी के पिछले कार्यकाल के बाद दिल्ली के वोटरों में उनके प्रति गिरती उम्मीद को भी भाजपा बखूबी भांप रही है और इन्हीं हथियारों के बल पर दिल्ली विधानसभा के डगर को वह साधना चाह रही है। 

        अब बात उस कांग्रेस पार्टी की जिसकी दिल्ली विधानसभा में एकतरफा जीत हुआ करती थी। शीला दीक्षित के तीनों कार्यकाल में कांग्रेस ने दिल्ली में खूब राजनीति साधा और शासन किया लेकिन मौजूदा वक्त में दिल्ली की सत्ता कांग्रेस से बहुत दूर प्रतीत होती दिख रही है। हालांकि कुछ सीटों पर आज भी वह दूसरे स्थान पर है तो हो ना हो फिर कांग्रेस कहीं किंग मेकर की भूमिका में ना आ जाए और दिल्ली विधानसभा का हालात कहीं 2013 सरीखी ना हो जाए जब कांग्रेस ने 7 सीट जीतकर किंग मेकर बनी थी। हर बार की तरह कांग्रेस भी आम आदमी पार्टी को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है लेकिन वह हर बार खुद के किए कार्यों में फंस जाती है। INDIA गठबंधन में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों साथ-साथ है लेकिन दोनों पार्टियां दिल्ली विधानसभा चुनाव में अलग-अलग चुनाव लड़ रही है। ऐसे में कांग्रेस को लेकर जनता में ऐसी तस्वीर उभर रही है जिसमें कि अपने फायदे के लिए जब जो करना पड़े, जो बनना पड़े वो कर जाओ या बन जाओ। एक रणनीति पर कायम ना रहना, शीर्ष नेतृत्व की कमी, और दिल्ली को लेकर खास विजन को जनता के जेहन में उतार पाने की कमी कांग्रेस की मिट्टी एक बार फिर से पलित कर सकती है। 

        दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जब आप मंथन करेंगे तो एक बात अवश्य निकलकर सामने आएगी कि मौजूदा सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की विश्वसनीयता चोटिल हुई है और उसी का फायदा उठाकर भाजपा अपनी गोटी फिट करना चाह रही है। लेकिन दूसरी ओर आम आदमी पार्टी को सत्ता से हटाना इतना आसान नहीं। इसके अलावा कांग्रेस की मेहनत हो सकता है उसे किंग मेकर बना दे। 

        बहरहाल दिल्ली विधानसभा में अगली सरकार किसकी बनेगी यह तो 8 फरवरी को आने वाले नतीजों में पता चलेगा लेकिन फिलहाल दिल्ली का रण में घमासान मचा हुआ है। राजनीतिक योद्धा अपनी चाल, अपनी ताकत और काबिलियत से अपनी जीत साधने में लगे हैं। वैसे इस बार दिल्ली के दिल में क्या है इस बारे में आप अपनी टिप्पणी अवश्य लिखें।


                                    Vinayak Suman 

Comments

Popular posts from this blog

रिश्तों में औपचारिकताओं का प्रभाव

आन्दोलन की जद में संभावना तलाशते प्रशांत किशोर

वक्त तो वक्त है